Stories/ News Alerts

Uncategorised

मध्य रेल की पूर्वघोषित कुछ विशेष गाड़ियाँ अब रद्द की जा रही है।

30 अक्टूबर 2025, गुरुवार, कार्तिक, शुक्ल पक्ष, अष्टमी, विक्रम संवत 2082

मध्य रेल प्रशासन ने अपनी पूर्वघोषित नौ जोड़ी गाड़ियोंके कुल 76 फेरों का परिचालन रद्द करने की सूचना जारी की है। इस रद्दीकरण का कारण उक्त गाड़ियोंमें यात्रिओं द्वारा बुकिंग का न करना बताया जा रहा है। गौरतलब यह है, उक्त मार्गों की नियमित गाड़ियोंमें अभी भी आरक्षण नहीं मिल पा रहा है और वही रेल प्रशासन बता रही है, विशेष गाड़ियाँ खाली चलने की वजह से रद्द की जा रही है।

यात्रिओंके के विशेष गाड़ियोंके प्रति निरुत्साह का सही कारण यह है, इनका समयसारणी के अनुसार न चलना। रेल नियमावली में यात्री के गाड़ी के चढ़ने के स्टेशन पर यदि गाड़ी अपने समय से तीन घण्टे से ज्यादा देरी से चल रही है तो उसे अपने आरक्षण बुकिंग के रद्दीकरण में पूर्ण धनवापसी मिलती है। विशेष गाड़ियोंके परिचालन को देखते हुए यह सहज है, की यात्री अपनी रेल यात्रा के लिए अन्तिम पर्याय के तौर पर इन्हें चुनता है। उसमे भी गाड़ियाँ कई घण्टो देरी से चलने की वजह से उनमें ढेरों आरक्षण भी रद्द किए जाते है। दूसरा अनारक्षित बुकिंग में यात्री पर किसी विशिष्ट गाड़ी में सवार होने का बन्धन नही रहता अतः इन गाड़ियोंमे अनारक्षित सवारियोंकी गिनती रेल प्रशासन के मायने नही रखती। खैर, आप रद्द की गई गाड़ियोंकी सूची समझिए।

1: 01209/10 नागपुर हड़पसर नागपुर साप्ताहिक विशेष के 6 फेरे

2: 01207/08 नागपुर समस्तीपुर नागपुर साप्ताहिक विशेष के 4 फेरे

3: 01403/04 पुणे अमरावती पुणे साप्ताहिक विशेष के 4 फेरे

4: 01201/02 नागपुर हड़पसर नागपुर द्विसाप्ताहिक विशेष के 8 फेरे

5: 02139/40 लोकमान्य तिलक टर्मिनस नागपुर लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष के 4 फेरे

6: 01007/08 लोकमान्य तिलक टर्मिनस लातूर लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक विशेष के 6 फेरे

7: 01417/18 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस कोल्हापुर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस साप्ताहिक विशेष के 4 फेरे

8: 01451/52 कोल्हापुर कलबुर्गी कोल्हापुर सप्ताह में पाँच दिवसीय विशेष के 24 फेरे

9: 01429/30 लातूर हड़पसर लातूर सप्ताह में चार दिवसीय विशेष के 16 फेरे

तिथियोंको जानने के लिए निम्नलिखित परिपत्र देखे,

Uncategorised

विशेष गाड़ियोंकी ‘अतिविशिष्ट’ सेवा!

29 अक्टूबर 2025, बुधवार, कार्तिक, शुक्ल पक्ष, अष्टमी, विक्रम संवत 2082

जैसे ही छुट्टियाँ, त्यौहार आते है, हमारा रेल विभाग विशेष गाड़ियोंको लेकर सक्रिय हो जाता है। अलग अलग व्यस्ततम रेल मार्ग छांटे जाते है और गाड़ियाँ घोषित कर दी जाती है। यात्री बेचारे जो नियमित गाड़ियोंमें अग्रिम आरक्षण नहीं कर पाते, इन विशेष सेवाओंके घोषित होने की प्रतीक्षा करते रहते है, उन्हें भी राहत की साँस आती है। चलो, एक और विकल्प उपलब्ध हुवा।

लेकिन क्या वाकई में यह विशेष सेवाएं यात्री के लिए अच्छा बेहतर पर्याय है? मेरा ख़्याल है, नही! यह वो पर्याय है, जिसे यात्री एक बार उपयोग कर लें तो दोबारा उसे एकदम अन्तिम विकल्प पर रखना चाहेगा। आप त्यौहारों के किसी भी दिन की ट्रेन्स पोजिशन जाँच लीजिए, ‘0’ क्रमांक से चलने वाली यह विशेष गाड़ियाँ आपको बेहिसाब देरी से चलती दिखाई देंगी। इसकी वजह है, इनका अनशेड्यूल्ड रहना। अनशेड्यूल्ड का अर्थ है, नियमित समयसारणी में सम्मिलित यात्री गाड़ियोंके अलावा चलाई गई गाड़ियाँ। इन गाड़ियोंकी समयसारणी बनी तो रहती है, मगर उन्हें रेल परिचालन में कतई प्राथमिकता (प्रायोरिटी) नही दी जाती। जो यह गाड़ी दो-तीन घण्टे पिछड़ गई तो समझ लीजिए की 2-3 से कब 12-13 घण्टे पिछड़ जाएगी आपको पता ही नही चलेगा।

अब यात्रिओंकी दिक्कत यह है, की नियमित गाड़ियोंमें आरक्षण पहले ही फुल्ल हो जाते है और यात्रा तो करना अनिवार्य है। मरता क्या न करता, ले लेते विशेष गाड़ियोंके आरक्षण। कमाल की बात यह है, अमूमन पुराने कोच, गाड़ियोंमें ऑन बोर्ड चेकिंग स्टाफ़, एमिनिटी स्टाफ का न रहना, खान-पान का कोच पेंट्रीकार नही रहना मगर किराए नियमित किरायोंसे तीस से चालीस प्रतिशत ज्यादा। जवाबदेही के मामलों में भी रेल ऍप से इन गाड़ियोंको नदारद पाया जाता है। कई बार तो यह समझ नही आता कि आनेवाली गाड़ी आज की है या बीते कल की। विशेष गाड़ियोंका यह हाल प्रति वर्ष समान रूप से जारी है।

विशेष गाड़ियोंमें यात्री उसकी समयसारणी देख कर आरक्षण कराता है। आरक्षण करना याने उक्त यात्री ने रेल विभाग के साथ उस समयसारणी के अनुसार यात्रा करने का अग्रिम किराया देकर अनुबन्ध किया है और यदि यह गाड़ियाँ बेहिसाब देरी से चल रही है तो क्या यह उस अनुबंध का उल्लंघन, ‘ब्रीच ऑफ कॉन्ट्रेक्ट’ की श्रेणी का अपराध नही है? जिन विशेष गाड़ियोंमें रेल विभाग यात्रिओंके लिए आरक्षण उपलब्ध करवाता है, कमसे कम उनका तो समयपालन ढंग से करना चाहिए। कहते है, जापान में गाड़ी चंद मिनिट भी देरी से चले तो रेल विभाग यात्रिओंसे क्षमा मांगता है। हमारे यहाँ भी आईआरसीटीसी की निजी सेवाओं में देरी से चलने वाली गाड़ियोंके लिए दण्ड के तौर पर यात्री को कुछ मुवावजा देने का प्रावधान किया गया था। लेकिन रेल विभाग के इस तरह के अनियंत्रित कारोबार के मद्देनजर वह बात आई-गई हो गई। विशेष गाड़ियोंको लेकर यदि इस तरह की धनवापसी का कोई प्रावधान होता तो शायद रेल विभाग को लेने के देने पड़ जाते।

रेल विभाग को चाहिए, इन विशेष गाड़ियोंके लिए एक अलग विभाग बनाकर, रेल परिचालन विभाग से उचित समन्वय बनाकर ही इनके समयसारणी की घोषणा करनी चाहिए। विभिन्न क्षेत्र और ढेरों स्टोपेजेस देकर बनाई गई यह गाड़ियाँ परिचालन विभाग के लिए मुसीबत बन जाती है। बजाए इसके की किसी दो मुख्य स्टेशनों को केंद्रित कर नॉनस्टॉप दुरन्तो की तरह तेज सेवाएं चलाना ठीक रहेगा। उदाहरण के तौर पर मुम्बई, पुणे एवं उधना से वाराणसी के बीच सीधी बिना किसी स्टोपेजेस की सेवाएं चल सकती है। इन्ही स्टेशनोंके बीच ज्यादातर यात्रिओंकी माँग रहती है। आगे इन स्टेशनोंके आसपास जोड़ने वाली कम अन्तर की कनेक्टिंग गाड़ियाँ जैसे वाराणसी से पटना या अन्य माँग वाले स्टेशनोंके बीच इन्टरसिटी टाइप गाड़ियाँ चल सकती है।

रेल विभाग को बिना किसी आपदा के, मार्ग में बारह, पंधरह घण्टे देरी से चलती यह विशेष गाड़ियाँ दिखाई देना लांछनास्पद नही लगता? जरा इन गाड़ियोंमें यात्रा कर रहे यात्रिओंको देखें, प्रीमियम किराए देकर बेचारे बेहाल, बदहाल रेल यात्राएं करते है। रेल प्रशासन को इन विशेष गाड़ियोंके परिचालन पर गम्भीरता से विचार करना आवश्यक है।

Uncategorised

मथुरा दिल्ली रेल मार्ग पर मालगाड़ी पटरी से उतरी; कई यात्री गाड़ियाँ बाधित

22 अक्टूबर 2025, बुधवार, कार्तिक, शुक्ल पक्ष, प्रतिपदा, विक्रम संवत 2082

दिनांक 21 अक्टूबर को शाम 20:30 को उपरोक्त हादसा हुवा। कहा जा रहा है, मथुरा – दिल्ली मार्ग की तीन ट्रैक अवरुद्ध हुए है। केवल एक ट्रैक फिलहाल उपयोग में लाया जा सकता है।

मथुरा : मालगाड़ी के एक दर्जन डिब्बे पटरी से उतरे

➡आगरा-दिल्ली रेलवे ट्रैक हुआ बाधित
➡मौके पर रेलवे के अधिकारी और स्थानीय पुलिस
➡छटीकरा और आझई के बीच की है घटना
➡आगरा से दिल्ली जा रही थी कोयले से भरी मालगाड़ी
➡मालगाड़ी के डिब्बे डिरेल होने की वजह स्पष्ट नहीं

कई यात्री गाड़ियोंको पिछले स्टेशन पर रोका गया है। मार्ग की मेल/एक्सप्रेस, सुपरफास्ट गाड़ियोंको मार्ग परिवर्तन कर निकाला जा रहा है।

अद्यतन संख्या: 418/2025
दिनांक: 21 – 10 – 2025

मथुरा के पास मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित।

  1. गाड़ी संख्या 12622 नई दिल्ली – एमजीआर चेन्नई सेंट्रल तमिलनाडु सुपरफास्ट एक्सप्रेस (JCO 21.10.25) को निज़ामुद्दीन – आगरा कैंट के बीच परिवर्तित किया गया है। इसे निज़ामुद्दीन – गाजियाबाद – अलीगढ़ – हाथरस – आगरा फोर्ट – आगरा के रास्ते परिवर्तित किया गया है।
  2. गाड़ी संख्या 12722 निज़ामुद्दीन – हैदराबाद दक्षिण सुपरफास्ट एक्सप्रेस (JCO 21.10.25) को निज़ामुद्दीन – आगरा कैंट के बीच परिवर्तित किया गया है। इसे निज़ामुद्दीन – गाजियाबाद – अलीगढ़ – हाथरस – आगरा फोर्ट – आगरा के रास्ते परिवर्तित किया गया है।
  3. अद्यतन संख्या: 419/2025
    दिनांक: 21 – 10 – 2025

    ट्रेन संख्या 12628 नई दिल्ली – केएसआर बेंगलुरु सिटी कर्नाटक सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो 21 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली से रवाना हुई थी, बल्लभगढ़ में रोक दी गई है। ट्रेन अब बल्लभगढ़ – आगरा कैंट के बीच परिवर्तित की गई है। इसे निज़ामुद्दीन – गाजियाबाद – अलीगढ़ – हाथरस – आगरा फोर्ट – आगरा के रास्ते परिवर्तित किया गया है।
    नोट: ट्रेन को निज़ामुद्दीन वापस ले जाया जाएगा।

यात्रिओंकी पूछताछ सुविधा हेतु रेलवे हेल्पलाइन 139 के अलावा निम्नलिखित सम्पर्क क्रमांक जारी किए गए है।
मथुरा :- 0565-2402008, 0565- 2402009
आगरा कैंट :- 0562- 2460048, 0562- 2460049
धौलपुर :- 0564-2224726

यात्रीगण कृपया ध्यान दीजिए,

मथुरा – दिल्ली मार्ग से चलनेवाली यात्री गाड़ियाँ अपने नियमित मार्ग की बजाय अन्य परावर्तित मार्ग चलाई जा रही है। कृपया निम्नलिखित सूचनाएं देखें,

12472 JCO दिनांक 21/10/2025, श्री माता वैष्णो देवी कटरा – बान्द्रा टर्मिनस स्वराज सुपरफास्ट एवं 20156 नई दिल्ली डॉ आंबेडकर नगर महू सुपरफास्ट JCO दिनांक 21/10/2025 रेवाड़ी, अलवर, मथुरा होकर चल रही है।

22210 निजामुद्दीन मुम्बई सेंट्रल दुरन्तो JCO दिनांक 21/10/2025 एवं 01494 निजामुद्दीन पुणे विशेष दिल्ली, मितावली, आगरा कैंट, बयाना होकर चल रही है।

20155 डॉ आंबेडकर नगर महू नई दिल्ली सुपरफास्ट JCO दिनांक 21/10/2025 बयाना, आगरा फोर्ट, दिल्ली होकर चल रही है।

12415 इन्दौर नई दिल्ली सुपरफास्ट एवं 12475 हापा श्री माता वैष्णो देवी कटरा सुपरफास्ट JCO दिनांक 21/10/2025 सवाई माधोपुर, जयपुर, रेवाड़ी, नई दिल्ली होकर चल रही है।

12909 बान्द्रा टर्मिनस निजामुद्दीन गरीब रथ, 12903 मुम्बई सेंट्रल अमृतसर स्वर्ण मन्दीर सुपरफास्ट, 12449 मडगांव चंड़ीगढ़ सम्पर्क क्रांति JCO दिनांक 21/10/2025 रतलाम, चंदेरिया, अजमेर, फुलेरा, रींगस, रेवाड़ी, दिल्ली होकर चल रही है।

12904 अमृतसर बान्द्रा टर्मिनस स्वर्ण मंदिर JCO दिनांक 21/10 गाज़ियाबाद, नई दिल्ली, रेवाड़ी, अलवर, मथुरा होकर चल रही है।

12432 निजामुद्दीन तिरुवनंतपुरम राजधानी JCO दिनांक 22/10 रेवाड़ी, जयपुर, सवाई माधोपुर होकर चलेंगी।

निम्नलिखित गाड़ियाँ रद्द की गई है,

64958 पलवल आगरा कैंट, 64955 आगरा कैंट टूण्डला, 64151 अलीगढ़ दिल्ली JCO दिनांक 22/10 रद्द की गई है।

22470/69 निजामुद्दीन खजुराहो निजामुद्दीन वन्देभारत JCO 22/10 रद्द की गई है।

12001/02 नई दिल्ली रानी कमलापति नई दिल्ली शताब्दी JCO 22/10 रद्द की गई है।

12280/79 नई दिल्ली झाँसी नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस JCO 22/10 रद्द की गई है।

20452/51 नई दिल्ली सोगरिया नई दिल्ली JCO 22/10 रद्द की गई है।

12050/40 नई दिल्ली झाँसी नई दिल्ली गतिमान एक्सप्रेस JCO 22/10 रद्द की गई है।

निम्नलिखित गाड़ियाँ परावर्तित मार्ग से चल रही है,

18238 अमृतसर बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 12804 निजामुद्दीन विशाखापत्तनम स्वर्णजयंती, JCO दिनांक 21/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

12402 देहरादून कोटा नन्दा देवी एक्सप्रेस JCO 21/10 निजामुद्दीन में समाप्त की गई।

12708 निजामुद्दीन तिरुपति JCO दिनांक 22/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

12138 फिरोजपुर मुम्बई पंजाब मेल JCO दिनांक 21/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

12618 निजामुद्दीन एर्नाकुलम मंगला लक्षद्विप एक्सप्रेस JCO दिनांक 22/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

12648 निजामुद्दीन कोयम्बटूर कोंगु JCO दिनांक 22/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

11906 होशियारपुर आगरा एक्सप्रेस JCO दिनांक 21/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

12630 निजामुद्दीन यशवंतपुर सम्पर्क क्रांति JCO दिनांक 22/10 मेरठ, खुर्जा, मितावली आगरा कैंट होकर चलेगी।

यात्रीगण, यदि इस मार्ग पर यात्रा की जानी है, तो रेल हेल्पलाइन 139, अधिकृत वेबसाइट या ऍप से सम्पर्क करते हुए अपनी गाड़ी परिचालन सुनिश्चित कीजिएगा।

Uncategorised

वेलकम टू ‘फेविकॉल’ मरोळ नाका!

17 अक्टूबर 2025, शुक्रवार, कार्तिक, कृष्ण पक्ष, एकादशी, विक्रम संवत 2082

इस वर्ष फेविकोल के संस्थापक बलवंतराय कल्याणजी पारेख की जन्मशती है। इस अवसर पर, फेविकोल ने एमएमआरडीए, मुम्बई महानगर विकास प्राधिकरण से करार करते हुए, मरोल नाका स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मरोल नाका फेविकोल स्टेशन कर दिया है और इसके लिए एक विज्ञापन अभियान भी शुरू किया है।

आइए, चलते है, मरोळ नाका फेविकॉल मेट्रो स्टेशन पर। यहॉं पर कुछ अजीबोगरीब चीजें दिखाई दे सकती है, मगर जरा सम्भल कर, फेविकॉल का मजबूत जोड़ है, टूटेगा, छूटेगा नही! ☺️

Uncategorised

वन्देभारत स्लिपर की कुछ लुभावनी तस्वीरें

15 अक्टूबर 2025, बुधवार, कार्तिक, कृष्ण पक्ष, दशमी, विक्रम संवत 2082

देश मे वन्देभारत गाड़ियोंका खूब बोलबाला रहा है। युँ तो प्रीमियम गाड़ी है, किराए अन्य गाड़ियोंके तुलना में ज्यादा है, मगर जिन यात्रिओंको कम लगनेवाले यात्रा समय में, उत्तम समयपालन करते हुए, आरामदायक रेल यात्रा करनी है उनके लिए यह गाड़ियाँ वाकई पटरियों पर के विमान है। मित्रों, हम यह तुलना हवाई यात्रा के गति से नही आराम से कर रहे है।

इसके आगे अब वन्देभारत स्लिपर के शुभारंभ की भी यात्रिओंको बेसब्री से प्रतीक्षा है। फिलहाल 200 वन्देभारत स्लिपर गाड़ियोंके रैक का निर्माण देश मे तीन रेल कोच फैक्टरीयों में जारी है। ICF इंटीग्रल कोच फैक्टरी पैरामबुर चेन्नई में दस रैक निर्माणाधीन है और पचास की तैयारी चल रही है। ICF के साथ BEML भारत अर्थमूवर्स लिमिटेड भी सहयोगी कम्पनी है। पश्चिम बंगाल में उत्तरपाड़ा में टीटागढ़ रेल सिस्टम और BHEL भारत हैवी इलेक्ट्रिक लिमिटेड के सहयोग से अस्सी रैक बनाने की तैयारी है। इनका पहला प्रोटोटाइप जल्द ही आनेवाला है।

तीसरी कम्पनी है, काइनेट रेलवे सॉल्यूशन RVNL रेल विकास निगम लिमिटेड के सहयोग से मराठवाड़ा कोच फैक्टरी लातूर में एकसौ बीस रैक बनाने जा रही है। इनका प्रोटोटाइप वर्ष 2026 के मध्य भाग तक बनने की उम्मीद है।

निम्नलिखित वन्देभारत स्लिपर की तस्वीरें काइनेट रेलवे सॉल्यूशन के सहयोग से प्राप्त है।

ICF द्वारा इसी वर्ष के अंत भाग में कमसे कम दो वन्देभारत स्लिपर गाड़ियाँ भारतीय रेल को सौंप दी जाएगी।