15 जून 2026, सोमवार, अधिक जेष्ठ, कृष्ण पक्ष, अमावस्या, विक्रम संवत 2083
मध्य रेल द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति
साई भक्तों के लिए पुणे-साईनगर शिर्डी दैनिक रेल सेवा – माननीय रेल मंत्री दिनांक 17.06.2026 को पुणे-साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे
माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव दिनांक 17.06.2026 को 15:30 बजे विभिन्न गणमान्य अतिथियों के गरिमामई उपस्थिति में पुणे रेलवे स्टेशन से पुणे-साईनगर शिर्डी दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

यह पुणे से साईनगर शिर्डी के लिए पहली सीधी ट्रेन होगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।
पुणे :“पूर्व का ऑक्सफोर्ड” के नाम से प्रसिद्ध पुणे, महाराष्ट्र का एक प्रमुख शैक्षिक, सूचना प्रौद्योगिकी और ऑटोमोबाइल केंद्र है। पुणे में कई प्रतिष्ठित संस्थान, अनुसंधान केंद्र और हिंजवाड़ी आईटी पार्क और चाकन ऑटो क्लस्टर जैसे औद्योगिक क्षेत्र हैं, जो इसे देश भर से छात्रों, पेशेवरों और व्यावसायिक यात्रियों के लिए आकर्षक बनाते हैं। शहर का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व भी है, जिसमें शनिवार वाडा, आगा खान पैलेस जैसे स्थल और लोनावला और महाबलेश्वर जैसे पहाड़ी इलाकों से निकटता शामिल है।
साईनगर शिर्डी : अहिल्यानगर जिले में स्थित शिर्डी , भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है, क्योंकि यह श्री साईबाबा का समाधि स्थल है। साईनगर शिर्डी रेलवे स्टेशन देश के विभिन्न हिस्सों से साल भर में लाखों श्रद्धालुओं को सेवा प्रदान करता है जो इस पवित्र तीर्थस्थल पर दर्शन करने आते हैं। पुणे से नई सीधी कनेक्टिविटी तीर्थयात्रियों को बड़ी सुविधा प्रदान करेगी और इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी।
पुणे-साईनगर शिर्डी एक्सप्रेस :
लाभ
• यह पुणे से शिर्डी के लिए पहली सीधी ट्रेन होगी।
• यह सेवा साईबाबा मंदिर दर्शन करने वाले यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, परिवारों और समूह यात्राओं के लिए एक सुरक्षित, किफायती और आरामदायक विकल्प प्रदान करेगी, जिससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं की थकान कम होगी।
- यह सेवा अहिल्यानगर और शिर्डी के निवासियों के लिए पुणे की शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच में सुधार करेगी, साथ ही होटलों, टैक्सियों और विक्रेताओं की बढ़ती आवाजाही के माध्यम से शिर्डी के आसपास की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगी।
- मार्ग में प्रमुख ठहराव इस प्रकार हैं :
दौंड कॉर्ड केबिन – पुणे-दौंड लाइन और उत्तर की ओर जाने वाली दौंड-मनमाड लाइन के बीच स्थानीय यात्रियों के लिए निर्बाध तीव्र परिवहन सुनिश्चित करता है। - श्रीगोंदा – स्थानीय किसानों, व्यापारियों और छात्रों को किफायती और तेज कनेक्टिविटी प्रदान करता है।
- अहिल्यानगर – एक विशाल प्रशासनिक, सैन्य और वाणिज्यिक केंद्र है जो प्रतिदिन हजारों यात्रियों, कामकाजी पेशेवरों और सैन्य कर्मियों को संभालता है।
- राहुरी – एक प्रसिद्ध शैक्षणिक और कृषि केंद्र है, जहां राज्य का सबसे बड़ा कृषि विश्वविद्यालय, महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ स्थित है। यहां ठहराव से विश्वविद्यालय आने-जाने वाले सैकड़ों छात्रों, शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को बहुत लाभ होगा। इससे स्थानीय किसानों की यात्रा भी सुगम होगी। यह प्रसिद्ध शनि शिंगापुर मंदिर का प्रमुख प्रवेश द्वार है।
- बेलापुर : में इस क्षेत्र की कुछ अग्रणी चीनी मिलें स्थित हैं।
