03 फरवरी 2023, शुक्रवार, माघ, शुक्ल पक्ष, त्रयोदशी, विक्रम संवत 2079
इस पिंक बुक मे भारतीय रेल्वे के 16 क्षेत्रीय विभाग, रेल्वे बोर्ड, बनारस एवं चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स, तीनों कोच फैक्ट्री, कोलकाता एवं चेन्नई मेट्रो, रेल अनुसंधान एवं मानक RDSO सहित 4 रेल वर्कशॉपस की वर्ष 2023-24 के लिए आर्थिक रणनीति सम्मिलित है।
All files are in PDF format, click on it. It will downloaded.
2 फरवरी 2023, गुरुवार, माघ, शुक्ल पक्ष, द्वादशी, विक्रम संवत 2079
प्रस्तुत लेख, PIB दिल्ली की प्रस्तुति का हिन्दी अनुवाद है।
रेलवे ने आरक्षित यात्री खंड में 48% और अनारक्षित यात्री खंड में 361% की वृद्धि दर्ज की। अप्रैल 2022 से जनवरी 2023 के दौरान शुरुआती आधार पर भारतीय रेलवे के लिए यात्री खंड में कुल अनुमानित कमाई की तुलना में 73 % की वृद्धि दर्ज करते हुए 54733 करोड़ रुपये हुई। पिछले वर्ष इसी अवधि में 31634 करोड़ की उपलब्धि हासिल की थी।
आरक्षित यात्री खंड में, 1 अप्रैल 2022 से 31 जनवरी 2023 की अवधि के दौरान बुक किए गए यात्रियों की कुल अनुमानित संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान 6181 लाख, की तुलना में 6590 लाख है, जो 7% की वृद्धि दर्शाती है। 1 अप्रैल 2022 से 31 जनवरी 2023 की अवधि के दौरान आरक्षित यात्री खंड से उत्पन्न राजस्व पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान 29079 करोड़ की तुलना में 48% की वृद्धि दर्शाता है।
अनारक्षित यात्री खंड में, 1 अप्रैल 2022 से 31 जनवरी 2023 की अवधि के दौरान बुक किए गए यात्रियों की कुल अनुमानित संख्या पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान 19785 लाख की तुलना में 45180 लाख है, जो 128% की वृद्धि दर्शाती है। 1 अप्रैल से 31 जनवरी 2023 की अवधि के दौरान अनारक्षित यात्री खंड से उत्पन्न राजस्व पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान 2555 करोड़ रुपये की तुलना में 11788 करोड़ रुपये है, जो 361% की वृद्धि दर्शाता है।
मित्रों, क्या अब हम रेल प्रशासन से यह प्रश्न कर सकते है,
अनारक्षित यात्री खण्ड में बुक किये गए यात्रिओंकी संख्या में 128% और इसी खण्ड से राजस्व में 361% वृद्धि दर्ज की गई फिर रेल प्रशासन ने इस अनारक्षित खण्ड के यात्रिओं के लिए कौनसी सुविधा बढाई?
इसी तरह की तस्वीरें आरक्षित यानोंमें भी बड़ी आसानी से देखने मिल जाती है। photo courtesy : indiarailinfo.com
क्या रेल प्रशासन ने अनारक्षित गाड़ियोंमे, कोचेस में वृद्धि की है या आगे वृद्धि करने का कोई निर्णय लिया है?
जहाँतक आम यात्री जानता है, रेल प्रशासन लगातार अपनी यात्री गाड़ियोंसे अनारक्षित कोचेस कम कम करती जा रही है। इसके अलावा अनारक्षित सवारी गाड़ियाँ पूर्ण भारतिय रेल से नदारद है और उनके ऐवज में मेमू, डेमू गाड़ियाँ विशेष एक्सप्रेस के स्वरूप में आम यात्रिओंपर लादी गयी है।
शून्याधारित समयसारणी के अंतर्गत बदलाव करने के कवायद में कितने ही ठहराव और कितनी ही गाड़ियाँ रद्द की जा चुकी है। जिसकी भरपाई रेल प्रशासन ने अब तक नही की है।
यह 128% यात्री संख्या और 361% आय की वृद्धि यह साफ साफ दर्शाती है, अनारक्षित गाड़ियाँ और कोचेस कम किए जाने के बावजूद यह वृद्धि हुई है तो यह बढ़े हुए यात्री बेशक आरक्षित यानोंमें यात्रा कर रहे है। इसका एक प्रमाण और है, रेल विभाग में टिकट जाँच दल द्वारा अर्जित की दण्ड की आय में जबरदस्त वृद्धि।
अब आम यात्री जिसे आरक्षित टिकट नही मिल पाता वह सीधे टिकट जाँच दल के पास अनारक्षित टिकट लेकर पहुंचता है और जुर्माने की रकम देकर, उसकी रसीद अपने अनारक्षित टिकट को जोड़कर बेहिचक आरक्षित कोच में सवार हो जाता है। समूचे भारतीय रेल में स्लीपर क्लास की यही अवस्था है और यह अव्यवस्था वातानुकूलित थ्री टियर, टू टियर की तरफ बढ़ रही है। यह सारा खेल टिकट जाँच दल के सामने होता है, जिसकी असुविधा को महीनों पहले बुक किए गए, दुगुने तिगुने मूल्य के आरक्षित टिकट धारी यात्री भुगतते है।
क्या रेल प्रशासन इसी तरह आँखों पर पट्टी बांधकर, आरक्षित यात्रिओंकी असुविधाओं को नजरअंदाज करता रहेगा या अपने सांख्यिकी से कुछ बोध लेकर अनारक्षित यात्रिओंके लिए गाड़ियाँ, कोचेस बढ़ाएगा?
2 फरवरी 2023, गुरुवार, माघ, शुक्ल पक्ष, द्वादशी, विक्रम संवत 2079
मध्य रेलवे का मुख्यालय मुम्बई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस वन्देभारत एक्सप्रेस से जुड़ने जा रहा है।
देश की आर्थिक राजधानी मुम्बई में रेलवे के दो क्षेत्रीय कार्यालय स्थित है। पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे। पश्चिम रेलवे पर वन्देभारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो चुका है। चूँकि पश्चिम रेलवे से मुम्बई पहुंचने में रेल मार्ग में कोई घाट पार नही करना पड़ता इसलिए वन्देभारत एक्सप्रेस उस मार्ग से परिचालित करने में कोई विशेष प्रयास नही करने पड़े मगर वहीं मध्य रेलवे के मुम्बई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को सोलापुर और शिर्डी स्टेशनोंसे वन्देभारत एक्सप्रेस द्वारा जोड़ने की बात हुई तो सोलापुर के लिए कर्जत वाला भोर घाट और शिर्डी के लिए कसारा वाला थल घाट पार करना होगा।
अब आप सोचते होंगे हर रोज इतनी रेल गाड़ियाँ इन दोनों घाटोंसे गुजरती तो है, फिर वन्देभारत के संचालन के लिए इतनी जद्दोजहद क्यों करनी पड़ती है? मित्रों, इन दोनोंही घाट को पार करने के लिए प्रत्येक रेल गाड़ी को बैंकर अर्थात अतिरिक्त लोको लगाने पड़ते है। भोर घाट में कर्जत स्टेशन पर और थल घाट में कसारा स्टेशन पर गाड़ियोंके आखिर में यह बैंकर्स लोको लगते है। यह लोको का काम होता है, गाड़ियोंको घाट चढ़ने में सहायता करना और ढलान पर फिसलने न देना। वन्देभारत एक्सप्रेस में यह ट्रेन सेट होने की वजह से अतिरिक्त लोको जोड़ने का प्रावधान नही है। यह ठीक उसी तरह है, जैसे उपनगरीय गाड़ियोंके ट्रेन सेट EMU, MEMU या DEMU रहते है। इसीलिए तो आज तक यह उपनगरीय ट्रेन सेट मुम्बई से घाट पार कर के नासिक या पुणे तक पहुंची नही है। रही बात मेल/एक्सप्रेस गाड़ियोंकी तो इन घाटोंमे बैंकर्स की शंटिंग में खासा वक्त जाया होता है, इसीलिए मध्य रेल की राजधानी में पूरी यात्रा के दौरान एक बैंकर लोको लगा हुवा रहता है। जिसे रेलवे “पुश-पुल” व्यवस्था कहती है।
वैसे आप को बता दूँ, वन्देभारत एक्सप्रेस इन उपनगरीय गाड़ियोंके ट्रेन सेट से अधिक क्षमतावान है और उसके मजबूत ट्रैक्शन क्षमता के आधार पर घाट पार कर सकती है। साथ ही, वन्देभारत ट्रेन सेट में पार्किंग ब्रेक्स भी उपलब्ध है, जो इस गाड़ी को चढ़ाई चढ़ते वक्त ढलान से पीछे की ओर फिसलने नही देगी। तो चलिए, आज से थल और भोर घाट में वन्देभारत एक्सप्रेस के ट्रैन सेट का परीक्षण शुरू होगा और 10 फरवरी से यह दोनों गाड़ियाँ यात्री सेवा में प्रस्तुत होगी।
जाहिर सी बात है, मध्य रेलवे के ढेर सारे लोकप्रिय मार्ग इस घाट परीक्षण पर नजरें गड़ाए है, ताकि उनके मार्गोंके लिए वन्देभारत एक्सप्रेस का आना प्रशस्त हो जाए। औरंगाबाद, नान्देड़, नागपुर, भोपाल, जबलपुर, कलबुर्गी, हैदराबाद यह महानगर मध्य रेल के मुम्बई से वन्देभारत एक्सप्रेस के आगामी उम्मीदवार है और वन्देभारत की स्लीपर आवृत्ति के लिए तो उत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत के कई महानगर वन्देभारत रेल से जोड़े जा सकेंगे।
1 फरवरी 2023, बुधवार, माघ, शुक्ल पक्ष, एकादशी, विक्रम संवत 2079
रेलवे को 2.4 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन मिला। 2013 के फण्ड से 9 गुना ज्यादा है। बीते बजट में करीबन 1.62 लाख करोड़ रुपये मिले थे, उससे यह आबंटन लगभग 80,000 करोड़ रुपये ज्यादा है।